बोकारो। मंदिरों और दुकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
पहली घटना सेक्टर-4F स्थित सूर्य मंदिर की है, जहां 2 अक्टूबर को दानपेटी चोरी हुई थी (कांड संख्या 71/2026)। पुलिस ने छापेमारी कर नामजद आरोपी कृष्णा कुमार को दो दानपेटियों के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके सहयोगी रोहित और विकास अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
वहीं, चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर की रात जगन्नाथ मंदिर (जहां दानपेटी और CCTV क्षतिग्रस्त किया गया) व बुधनी मंदिर में चोरी का प्रयास हुआ। इसी रात चोरों ने एक कैटल फीड दुकान, दो मकानों और हनुमान मशीनरी में भी चोरी की।
पीड़ित संतोष कुमार पंडा की शिकायत पर पुलिस ने कांड संख्या 114/2026 दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए सूरज कुमार (21) और उदय कुमार (26) को चोरी के सामान के साथ हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, इन दोनों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
