मेदिनीनगर। सरकारी विद्यालयों से दूर हो रहे बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 'पलामू परवाज़ - हर बच्चे की उड़ान' अभियान की शुरुआत की गई है। शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चैनपुर प्रखंड के खुरा कला पंचायत से इस महत्वाकांक्षी अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। यह अभियान अब पूरे पलामू जिले में पंचायत स्तर पर संचालित किया जाएगा।
इस अभियान में ऐसे बच्चों की पहचान की जा रही है जो लगातार 15 दिन, 30 दिन या उससे अधिक समय से विद्यालय नहीं आ रहे हैं।जिले के सभी पंचायत स्तर पर बच्चों और अभिभावकों के साथ विशेष चौपाल लगाई जाएगी, जहाँ उनकी समस्याओं को समझकर उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी और अनुपस्थिति के कारणों का पता लगाकर समाधान निकाला जाएगा।अभियान के दौरान विद्यालयों में मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था का भी जायजा लिया जा रहा है।
शुभारंभ के अवसर पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने खुराकला में बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ चौपाल लगाकर सीधा संवाद किया। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की और ग्रामीणों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की शपथ भी दिलाई।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा एक बहुत बड़ा हथियार है जो व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाती है। बच्चे पढ़ेंगे तभी पलामू का कायाकल्प होगा। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा और उनकी पढ़ाई व विद्यालय की स्थिति की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और चैनपुर जिप सदस्य प्रमोद सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
