रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को राज्यभर में "काला दिवस" मनाया। राजधानी रांची में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए पार्टी कार्यालय तक एक विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत देश भर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाने का गंभीर आरोप लगाया है।पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
नेताओं ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर योग्य मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर संविधान और लोकतंत्र पर हमला है।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक सुरेश बैठा, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजेश गुप्ता, सतीश पॉल, सोनल शांति, ज्योति सिंह मथारु, जगदीश साहू, कुमार राजा और रमा खलखो सहित कई अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
