रांची। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर शनिवार को मेगा हेल्पडेस्क सह बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 'चुनाव पाठशाला' का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।

चुनाव पाठशाला के जरिए विशेष रूप से युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में वंचित न रहे।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने हजारीबाग और रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीएलए-2 से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र के पात्र नागरिकों तक पहुंचें और आवेदन प्रक्रिया में उनकी मदद करें।

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा, राज्य के सभी जिलों में जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने भी भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों और विशेषकर युवाओं से अपील की है कि यदि उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, तो वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपना नाम अवश्य जुड़वाएं।