साहिबगंज। मालदा रेल मंडल के साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर एक कथित बांग्लादेशी नागरिक की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। ब्रह्मपुत्र मेल से गुवाहाटी जा रहे 26 वर्षीय सुमन मियां को सुरक्षाबलों ने दबोच लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर चल रही सियासी सरगर्मी के बीच इस गिरफ्तारी ने सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुमन मियां 15657 ब्रह्मपुत्र मेल की ऊपरी बर्थ पर सोया हुआ था। मिर्जाचौकी और साहिबगंज के बीच ट्रेन में आए एक अचानक झटके के कारण वह नीचे गिरने लगा।पास मौजूद जवानों ने उसे संभाला, लेकिन उसकी संदिग्ध हरकतों को भांपते हुए आरपीएफ ने तुरंत उसकी तलाशी ली। जवानों को देखते ही उसके तीन अन्य साथी बोगी से कूदकर फरार हो गए।
जांच के दौरान आरोपी के पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र, दो मोबाइल फोन, भारतीय मुद्रा के साथ-साथ बांग्लादेशी और नेपाली करेंसी भी बरामद की गई है।
आरपीएफ आरोपी को बरहरवा ले गई और बाद में साहिबगंज लाकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सुमन मियां ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में रहकर कबाड़ का काम करता था।
वह दिल्ली से ब्रह्मपुत्र मेल में सवार होकर गुवाहाटी जा रहा था और वहां से अवैध रूप से बांग्लादेश सीमा पार करने की फिराक में था।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां उसके फरार साथियों की तलाश कर रही हैं और उसके पूरे यात्रा रूट की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि उसके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
