बोकारो| बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल)के विस्थापितों,अपरेंटिस संघ और प्रभावित परिवारों की लंबित मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन को बोकारो विधायक श्रीमती श्वेता सिंह का बड़ा समर्थन मिला है। विस्थापितों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए विधायक श्वेता सिंह खुद धरना स्थल पर पहुंचीं और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गईं।
विधायक श्वेता सिंह ने बोकारो के औद्योगिक विकास में विस्थापितों के त्याग और योगदान को याद दिलाते हुए बीएसएल प्रबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बोकारो स्टील प्लांट की स्थापना के लिए विस्थापित परिवारों ने अपनी जमीन और घर की कुर्बानी दी है। ऐसे में उनके रोजगार, भविष्य और अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विस्थापितों को अपनी जायज मांगों के लिए भूख हड़ताल जैसी कठिन राह चुनने पर मजबूर होना पड़ा है। प्रबंधन को संवेदनशीलता दिखाते हुए विस्थापित प्रतिनिधियों के साथ तुरंत वार्ता कर ठोस कदम उठाने चाहिए।
श्वेता सिंह ने स्पष्ट किया कि विस्थापन विकास के नाम पर स्वीकार किया गया था, अन्याय सहने के लिए नहीं। विस्थापितों के हक, न्याय और सम्मान की इस लड़ाई में वह उनके साथ मजबूती से खड़ी हैं।
विधायक श्वेता सिंह के स्वयं भूख हड़ताल पर बैठने से आंदोलनरत विस्थापितों और उनके संगठनों का मनोबल काफी बढ़ा है।
