रांची। फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को माननीय वित्त एवं वाणिज्यकर मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात की। चैंबर ने त्यौहारी सीजन में बाजार क्षेत्रों में परमिट और ईवे बिल जांच के नाम पर मालवाहक वाहनों को रोके जाने तथा जब्ती जैसी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने त्यौहार के दौरान माल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई। इस पर मंत्री ने वाणिज्यकर सचिव को शहर के अंदर वाहनों की आवाजाही निर्बाध रूप से जारी रखने का निर्देश दिया। साथ ही, व्यवसायियों से प्रॉपर इनवॉइस जारी करने की अपील की।
वाणिज्यकर सर्किलों में संयुक्त आयुक्त के पद रिक्त होने से पंजीकरण, संशोधन और वैधानिक फॉर्म प्राप्त करने में हो रही कठिनाइयों पर चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने नियमित पदस्थापना होने तक संबंधित सर्किल के वरिष्ठतम अधिकारी को अस्थायी प्रशासनिक शक्तियां देने का आग्रह किया।
वित्त मंत्री ने जल्द समाधान का आश्वासन देते हुए आगामी छठ पूजा के बाद विभागीय अधिकारियों और चैंबर पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने की बात कही।
