रांची। झारखंड में पिछले पांच दिनों से जारी 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को समाप्त हो गई। स्वास्थ्य विभाग और कर्मचारियों के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक में प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया, जिससे राज्य में एंबुलेंस सेवाएं फिर से बहाल हो जाएंगी।
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज तिवारी के अनुसार बैठक में 48 घंटे के भीतर अगस्त से अक्टूबर तक का बकाया वेतन भुगतान कराने का भरोसा दिया गया है। साथ ही, विभाग ने वर्तमान संचालन एजेंसी ‘सम्मान फाउंडेशन’ को हटाने और अगले दो महीनों के भीतर नई एजेंसी के चयन का आश्वासन भी दिया है।
गौरतलब है कि तीन महीने से वेतन न मिलने और अनियमितताओं के विरोध में कर्मचारी 18 नवंबर की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे, जिससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
