​रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए।

​श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसी महान विभूतियों ने देश को सही दिशा दिखाई है। उनके विचार और जीवन दर्शन युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

​मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार बापू के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका जीवन और आदर्श हमें मानवता, शांति, सद्भाव एवं समाज सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती भी है। उन्होंने शास्त्री जी की कृतियों को नमन करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।

​कार्यक्रम के दौरान बापू के प्रिय भजनों और भक्ति गीतों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।