हजारीबाग। जिला के चरही थाना क्षेत्र स्थित 15 माइल के पास सीआईएसएफ ने आधी रात को छापेमारी कर अवैध कोयले से लदे 5 हाईवा जब्त किए हैं। जब्त किए गए कोयले का कुल वजन लगभग 199 मीट्रिक टन है।

एनटीपीसी की बादम कोयला खनन परियोजना क्षेत्र से अवैध कोयले की ढुलाई की गुप्त सूचना मिलने पर सीआईएसएफ की विशेष टीम ने 22-23 अक्टूबर की रात यह कार्रवाई की। अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन चालक मौके से फरार हो गए। गाड़ियों की जांच करने पर परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध कागजात नहीं मिला।

जब्त सभी ट्रकों को एनटीपीसी के कांटा घर लाकर वजन कराया गया और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।