रामगढ़। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), 2026 अभियान के तहत शनिवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त सह मतदाता सूची प्रेक्षक विजय कुमार गुप्ता ने रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामगढ़ प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 130, 131 व 132 तथा चितरपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 235, 236 व 238 का जायजा लिया। जिन मतदान केंद्रों पर नए नाम जोड़ने से संबंधित प्रपत्र-6 के आवेदन कम प्राप्त हुए, वहाँ आयुक्त ने संबंधित बी.एल.ओ.और बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें, अधिक से अधिक प्रपत्र-6 भरवाएं और समय पर उनकी ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही आयुक्त ने रामगढ़ के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से शनिवार को लगाए गए 'मेगा हेल्प डेस्क कैंप' के कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बल देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण अभियान का गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।