जमशेदपुर। नवरात्रि और दुर्गापूजा मेले को देखते हुए जमशेदपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की ओर से शहर के चौक-चौराहों पर लगने वाले ठेले-खोमचे से लेकर बड़े होटल और रेस्टोरेंट तक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और उनमें मिलाए जाने वाले पदार्थों की जांच की जा रही है।
जांच अभियान के दौरान फूड इंस्पेक्टर विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर खाने-पीने की वस्तुओं की गुणवत्ता की पड़ताल करते नजर आए। ठेले-खोमचे पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अधिकारियों ने विशेष केमिकल का भी इस्तेमाल किया। इसका उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका और उनकी गुणवत्ता की जांच करना है। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थ तैयार करने और बेचने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।
फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि दुर्गापूजा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जमशेदपुर की दुर्गापूजा और यहां लगने वाले मेले में केवल कोल्हान ही नहीं, बल्कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मेला प्रेमी पहुंचते हैं। ऐसे में शहर में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।
विभाग की ओर से दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी दुकान, होटल या रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में गड़बड़ी, मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना लगाने से लेकर गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई और जेल भेजने तक का प्रावधान लागू हो सकता है।
दुर्गापूजा के दौरान शहर में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खराब या मिलावटी खाद्य सामग्री लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकती है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज किया है। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है।
फिलहाल, दुर्गापूजा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी जारी है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट में जांच की जा सकती है। ऐसे में खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई है।
