बोकारो। सरस्वती विद्या मंदिर बोकारो नेे स्थानीय उत्पादों और भारतीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के संदेश के साथ जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन को देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय उद्योगों और कारीगरों का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। जन-जन में भारतीय उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उद्यमिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय द्वारा जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग और आर्थिक प्रगति से संबंधित संदेश दिए। उन्होंने कहा, “देश में निर्मित वस्तुएँ अपनाएँ, देश का मान बढ़ाएँ” और “स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें, भारतीय उद्यमिता को सशक्त बनाएँ।” प्रभात फेरी में विद्यालय के भैया-बहनों एवं आचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देना राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और उद्यमशीलता की भावना विकसित होती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने कहा कि भारतीय उत्पादों का उपयोग कर देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। विद्यार्थियों के माध्यम से यह संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना आवश्यक है। विद्यालय के सचिव राजकुमार सिंह ने कहा कि स्थानीय उत्पादों के उपयोग से उद्योगों और कारीगरों को प्रोत्साहन मिलता है। प्रत्येक नागरिक को भारतीय वस्तुओं को प्राथमिकता देकर देश की प्रगति में सहभागी बनना चाहिए। विद्यालय परिवार ने नागरिकों से देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने, स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
जिला
ब्रेकिंग
