जमशेदपुर। आगामी दुर्गापूजा त्योहार को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को कोवाली थाना क्षेत्र के कुन्द्रुकोचा गांव और डुंगरीटोला में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब निर्माण सामग्री नष्ट की गई। साथ ही मौके से 280 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला प्रक्षेत्र के नेतृत्व में गठित टीम ने कुन्द्रुकोचा गांव और उसके डुंगरीटोला में नदी किनारे तथा जंगल के भीतर संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी की।