जमशेदपुर। जेएनयू में कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए पथराव के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर ने साकची में जोरदार प्रदर्शन किया।

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय से जुबिली पार्क गोलचक्कर तक पैदल मार्च निकाला और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका।

महिला मोर्चा के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पथराव को कायरतापूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया गया।विधायक पूर्णिमा साहू ने जेएनयू मामले में सांसद पर गंभीर आरोप होने के बावजूद राहुल और प्रियंका गांधी की चुप्पी पर कड़े सवाल खड़े किए।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर पथराव करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।