जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह फुटबॉल मैदान के पास पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहे गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर 23 वर्षीय यश दास को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से एक 7.62 एमएम की देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर बिरसानगर थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर चारों को दबोचा। पूछताछ में एक किशोर ने स्वीकार किया कि उसने अपनी सुरक्षा के लिए यश दास से 30 हजार रुपये में यह हथियार खरीदा था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी यश दास को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि तीनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
