रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस नए बदलाव के तहत पवन साय को झारखंड प्रदेश भाजपा का नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है। वे राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों को धरातल पर उतारने की कमान संभालेंगे।
इससे पहले झारखंड प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे कर्मवीर सिंह को अब छत्तीसगढ़ का संगठन महामंत्री बनाया गया है। कर्मवीर सिंह का कार्यकाल झारखंड में संगठन को एकजुट रखने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जाना जाता है। अब वे छत्तीसगढ़ में भाजपा के संगठनात्मक कामकाज की कमान संभालेंगे। वहीं, केंद्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह के कद और जिम्मेदारियों में भी विस्तार किया है। सौदान सिंह को पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के चार प्रमुख राज्यों-झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल-का क्षेत्रीय प्रभार सौंपा गया है। इन राज्यों में पार्टी की राजनीतिक उपस्थिति को और मजबूत करने तथा केंद्रीय नेतृत्व और राज्य इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
भाजपा के इस नए फेरबदल को आगामी चुनावों और राज्यों में पार्टी की सांगठनिक तैयारियों को और अधिक धार देने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।
