चाईबासा। सदर चाईबासा प्रखंड की तुईबीर पंचायत के पनपाड़ा और बरकुंडीया गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राशि मिलने के बावजूद आवास निर्माण शुरू नहीं करने का मामला सामने आया है। गुरुवार को जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने दोनों गांवों में पहुंचकर स्वीकृत आवासों के निर्माण की प्रगति और जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल 18 प्रधानमंत्री आवासों का स्थल सत्यापन किया गया। किसी भी आवास में निर्माण कार्य संचालित नहीं पाया गया। कई लाभुकों ने प्रथम किस्त की राशि प्राप्त करने के बावजूद करीब एक वर्ष से निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समन्वयक ने संबंधित लाभुकों को जल्द से जल्द आवास निर्माण शुरू कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जो लाभुक मौके पर मौजूद नहीं थे, उनके परिजनों को भी आवास निर्माण शुरू करने का संदेश लाभुकों तक पहुंचाने को कहा गया। जिला समन्वयक ने लाभुकों को योजना के तहत मिली राशि का उचित उपयोग करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप आवास निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रेरित किया।