रांची। बंगाल की खाड़ी में बने अति गहरे निम्न दबाव का असर पूरे झारखंड में देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी इसका व्यापक प्रभाव रहेगा और राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार को दिनभर रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और कोल्हान क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
झमाझम बारिश के चलते राजधानी में बुधवार और गुरुवार के बीच न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान अकेले रांची शहर में 57.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
राज्य में अब तक 900.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य वर्षा (977.3 मिमी) से महज 8% कम है।राजधानी में स्थिति काफी बेहतर है। यहां अब तक 1084.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य वर्षा (995.9 मिमी) से 9% अधिक है।
मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि अगले 24 घंटों में होने वाली बारिश से राज्य में मानसून की स्थिति में और सुधार आएगा।
