रांची। बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ विवादित जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार को विशेष पीएमएलए अदालत में सुनवाई हुई। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में पेश हुए। हालांकि, मामले में आरोप गठन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई, जिसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 30 सितंबर की तारीख तय की है।

अदालत अब 30 सितंबर को सुबह 11:15 बजे आरोप गठन पर दोबारा सुनवाई करेगी। इससे पहले इस प्रक्रिया के लिए 24 सितंबर का समय मुकर्रर किया गया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुसार यह मामला बड़गाईं अंचल स्थित 8.86 एकड़ जमीन के अवैध अधिग्रहण और दस्तावेज में कथित हेरफेर से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी रिकॉर्ड में जालसाजी कर जमीन का अधिग्रहण किया गया और इस प्रक्रिया में मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए अवैध कमाई को वैध बनाने की कोशिश की गई।

गौरतलब है कि हेमंत सोरेन ने विशेष पीएमएलए कोर्ट की कार्यवाही और अपने खिलाफ जारी आपराधिक प्रक्रिया पर रोक लगाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट का रुख किया था। हालांकि, 18 सितंबर को हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी। इससे पहले 8 जून को विशेष अदालत ने हेमंत सोरेन की डिस्चार्ज याचिका भी निरस्त कर दी थी। हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद अब निचली अदालत में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है, जिस पर 30 सितंबर को अगली कार्रवाई होगी।