रांची। राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के अराजपत्रित कर्मचारियों ने नई पेंशन योजना (एनपीएस) के विरोध में मोर्चा खोलते हुए आंदोलन की शुरुआत कर दी है। रिम्स अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने मांग की है कि झारखंड राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों की तर्ज पर उन्हें भी एनपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए।
कर्मचारी संघ ने आंदोलन की औपचारिक घोषणा करते हुए रिम्स निदेशक को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, कर्मचारी 28 सितंबर तक काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए काम करेंगे। इसके बाद 29 सितंबर को रिम्स प्रशासनिक भवन के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
संघ के प्रतिनिधियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने की मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
