रांची। झारखंड में नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर छात्र आंदोलन अब और तेज होगा। इस आंदोलन को गति देते हुए विधायक जयराम महतो ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नियुक्ति प्रक्रियाओं में शुचिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जयराम महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) से राज्यव्यापी ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ की शुरुआत करेंगे। 24 अगस्त से शुरू होनेवाली यह यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से एकजुट होने की अपील करते हुए महतो ने कहा कि इस अभियान के जरिए छात्रों, युवाओं और उनके परिवारों को एक मंच पर लाया जाएगा।
इधर, जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच ने भी भर्ती प्रणाली में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के विरोध में आंदोलन को तीव्र करने का ऐलान किया है। मंच के अध्यक्ष राम अवतार महतो ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा रामगढ़ से शुरू होकर हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह होते हुए क्रमानुसार प्रदेश के सभी 24 जिलों के मुख्यालयों, प्रमुख चौराहों, विश्वविद्यालयों और लाइब्रेरी क्षेत्रों तक पहुंचेगी। छात्र नेता देवेंद्र नाथ के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार के लिए सरकार पर दबाव बनाना है।
