देवघर। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 10 अक्टूबर को देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में उपायुक्त सौरभ कुमार भूवानिया ने पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा और एसडीएम रवि कुमार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति देवघर दौरे के दौरान दो मुख्य आयोजनों में भाग लेंगे।सैन्य संपर्क मेला सह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
एम्स के द्वितीय दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर सफल विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विधि-व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़ी हर बारीक बिंदु की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। साथ ही, यातायात योजना इस प्रकार तैयार की जाए जिससे आम नागरिकों को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वीआईपी मूवमेंट से जुड़े सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा चल रही तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं और विभागीय कार्य समय सीमा के भीतर उच्च मानकों के अनुरूप पूरे कर लिए जाएं।
