बोकारो। एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (एएसआईएससी) का दो दिवसीय 38वां क्षेत्रीय सम्मेलन एवं वार्षिक आमसभा सेंट ज़ेवियर्स स्कूल, बोकारो की मेजबानी में टाउन हॉल स्थित शिबू सोरेन स्मृति सभागार में आयोजित हुआ। इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय “एजुकेशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन” रहा, जिसमें बिहार और झारखंड के 150 से अधिक आईसीएसई बोर्ड स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षाविदों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेल, बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी प्रिया रंजन ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने पर बल दिया। मुख्य वक्ता जेसुइट शिक्षाविद् रेव. फादर डॉ. एस.एम. जॉन केनेडी, एस.जे. ने शिक्षा के बदलते स्वरूप और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने से संबंधित विचार साझा किए।
सम्मेलन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, मूल्यांकन, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को समावेशी व भविष्यपरक बनाने पर गहन चर्चा हुई। पहले दिन आयोजित वार्षिक आमसभा में एएसआईएससी की अध्यक्ष मैरी अल्फोंसा, उपाध्यक्ष फादर कुरियन, सचिव क्रिस्टोफर एंजेलो फ्रांसिस और कोषाध्यक्ष फादर मनोज कुल्लू सहित विभिन्न ज़ोनल कोऑर्डिनेटर्स की उपस्थिति में प्रशासनिक व शैक्षिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन का समापन शिक्षा में नवाचार और निरंतर उत्कृष्टता के संकल्प के साथ हुआ।
