रांची। राजधानी रांची के पुंदाग स्थित हाई-सिक्योरिटी आवासीय परिसर 'सेल सिटी' में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने झारखंड के पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पूर्व राजनीतिक सलाहकार हिमांशु शेखर चौधरी के बंद घर का ताला तोड़कर लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त हिमांशु शेखर चौधरी ने बताया कि वे अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया। शुक्रवार देर शाम रांची वापस लौटने पर वे इस मामले में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।
शुरुआती जानकारी के अनुसार चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे लगभग 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 2 लाख रुपये नकद, 2 महंगी घड़ियां और लैपटॉप समेत कई अन्य बहुमूल्य सामान चोरी कर लिए।
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस इलाके में चोरी हुई, वह अत्यधिक सुरक्षित माना जाता है। हिमांशु शेखर चौधरी के घर के ठीक सामने रिटायर्ड एडीजी आर.के. मलिक और रिटायर्ड डीआईजी राजीव सिंह के घर स्थित हैं।
वरिष्ठ और सेवानिवृत्त अधिकारियों के पड़ोस में इस तरह की घटना होने पर हिमांशु शेखर चौधरी ने गहरा आश्चर्य और चिंता व्यक्त की है। सुरक्षित माने जाने वाले 'सेल सिटी' परिसर में हुई इस सेंधमारी ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और स्थानीय लोग पुलिस की जांच व त्वरित कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
