बोकारो। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने प्रबंधन के कर्मचारी विरोधी रवैये के विरोध में अपने आंदोलन के चौथे चरण का एलान किया है। इसके तहत 12 अक्टूबर सुबह 10 बजे से टू टैंक गार्डेन स्थित धरना स्थल पर संघ के महासचिव हरिओम कुमार के नेतृत्व में पदाधिकारी आमरण अनशन पर बैठेंगे। अनशन से पूर्व शहर में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।

संघ के अनुसार सेल कॉर्पोरेट और बीएसएल प्रबंधन द्वारा 45 से अधिक केंद्रीय व 50 से अधिक स्थानीय मुद्दे दशकों से लंबित रखे गए हैं, जिससे कर्मचारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही, मनमाने बोनस फॉर्मूले और गैर-निर्वाचित एनजेसीएस प्रतिनिधियों की सहमति से जबरन बोनस राशि खाते में भेजने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।

संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार ने इसे आर-पार की लड़ाई बताया। वहीं, महासचिव हरिओम कुमार ने कहा कि सेल प्रबंधन और एनजेसीएस के गठजोड़ व शोषण से मुक्ति के लिए कर्मचारियों को एकजुट होकर लड़ना होगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कर्मचारी तीन चरणों में ब्लैक बैज लगाने, आक्रोश प्रदर्शन और मौन जुलूस के माध्यम से अपना विरोध दर्ज करा चुके हैं।