बोकारो। इलेक्ट्रोस्टील वेदांता स्टील प्लांट के समक्ष अपनी मांगों को लेकर रैयत मजदूरों का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार को 10वें दिन भी जारी रहा। इस बीच डुमरी विधायक सह जेएलकेएम नेता जयराम महतो फोरलेन स्थित धरना स्थल पहुंचे और अनशनकारियों से मिलकर उनका समर्थन किया।
विधायक जयराम महतो ने कहा कि कंपनी की स्थापना के लिए जमीन देने वाले रैयत परिवारों की रोजगार व अन्य मांगों को प्रबंधन नजरअंदाज न करे और इस पर जल्द गंभीर पहल करे। बता दें कि रैयत मजदूर पिछले कई वर्षों से ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत हैं और अब कंपनी के प्रत्यक्ष पेरोल पर रोजगार सहित अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।
लगातार भूख हड़ताल से आंदोलनकारियों की स्थिति बिगड़ती देख अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाली प्रबंधन और आंदोलनकारियों की वार्ता पर टिकी हैं। इस दौरान चंदनकियारी के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन रजवार, राज पटेल, सुनीता महतो और लक्खी कटियार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
