जमशेदपुर। पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं भारत भारती झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने सैनिकों एवं वीर नारियों के कल्याण से जुड़े विषयों को लेकर नेवल ऑफिसर-इन-चार्ज (पश्चिम बंगाल) एवं आईएनएस नेताजी सुभाष के कमांडिंग ऑफिसर कमोडोर अजय यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में वेटरन सुशील कुमार सिंह राजीव रंजन एवं दिनेश कुमार सिंह शामिल हुए।
इस अवसर पर सैनिक प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कमोडोर अजय यादव का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने संस्था द्वारा विगत 18 वर्षों से पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याणार्थ के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। संस्था की गतिविधियों एवं सैनिक कल्याण के प्रति समर्पण की जानकारी पाकर कमोडोर अजय यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कमोडोर अजय यादव ने आश्वस्त किया कि आर्मी, एयरफोर्स अथवा नेवी के किसी भी पूर्व सैनिक, वीर नारी या ऐसे सैनिक परिवार की बेटी, जिनके माता-पिता अब नहीं हैं, यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे हमारे संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने हरसंभव सहयोग कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान कमांड रेजिमेंटल सिस्टम ऑफिस (नॉर्थ ईस्ट) के ऑफिसर-इन-चार्ज कैप्टन प्रदीप अग्निहोत्री, मास्टर-एट-आर्म्स आशीष प्रताप सिंह एवं लीडिंग सीमैन परवेज अख्तर से भी सैनिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
इसी क्रम में जमशेदपुर निवासी कमांडर राजकुमार महतो से भी प्रतिनिधिमंडल की आत्मीय मुलाकात हुई एवं उनका अतुलनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से NOIC (WB) एवं CO INS नेताजी सुभाष कमोडोर अजय यादव को जमशेदपुर आने का प्रतिनिधियों द्वारा आग्रह किया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके जमशेदपुर आगमन से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं नागरिक समाज के बीच भारतीय नौसेना के प्रति सम्मान, जुड़ाव एवं गौरव की भावना और अधिक मजबूत होगी।
