चतरा। जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये के सोना और नकदी लूटकांड की जांच में चतरा से अहम सुराग मिले हैं। चतरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए गए चारों संदिग्ध चतरा सदर थाना क्षेत्र के समीप चल रहे 'डिजाइनलैंड मेला' के कर्मी हैं। कुछ समय पहले यह मेला जमशेदपुर में भी आयोजित हुआ था, जिस दौरान ये चारों वहां मौजूद थे। जांच में खुलासा हुआ है कि जमशेदपुर में गणेश उत्सव के दौरान ये सभी लोग बैंक लूटकांड के मुख्य आरोपियों के संपर्क में आए थे।

तफ्तीश में यह बात भी सामने आई है कि संदिग्ध और लूटकांड के आरोपी जमशेदपुर में एक ही लॉज में ठहरे हुए थे। इस सूचना के पुख्ता होते ही चतरा पुलिस ने देर रात छापेमारी कर चारों को हिरासत में ले लिया और गहन पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके आरोपियों के साथ संपर्क, मुलाकात और जमशेदपुर में ठहरने के संदर्भ में कई अहम जानकारियां जुटाई हैं।

पूछताछ में मिले महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की कड़ियां जोड़ने के लिए चारों संदिग्धों को जमशेदपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने बताया कि हिरासत में लिए गए चार लोगों में से दो की भूमिका बेहद संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जमशेदपुर पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।