जमशेदपुर। सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास 'उडुपी रेस्टोरेंट' में 26 सितंबर को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में गठित एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित एक टोल प्लाजा से घटना की साजिश रचने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपू ओझा शामिल हैं।

हालांकि, इस मामले में जमशेदपुर जिला पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। माना जा रहा है कि पुलिस इन साजिशकर्ताओं के जरिए मुख्य हमलावरों तक पहुँचने की रणनीति बना रही है।

घटना के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देशन में गठित विशेष जांच टीम पश्चिम बंगाल और पड़ोसी राज्यों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। वारदात के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन हमलावर नजर आए थे। इसी फुटेज और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस को आरोपियों के छत्तीसगढ़ की ओर भागने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद अंबिकापुर में निगरानी बढ़ाकर चारों को धर दबोचा गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में इस गोलीबारी के पीछे वर्चस्व की जंग, पुरानी रंजिश, जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी के विवाद मुख्य कारण सामने आ रहे हैं।