हजारीबाग। पदमा थाना क्षेत्र और उससे सटे बरही सीमा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित कई लाइन होटलों की आड़ में अवैध गतिविधियों के संचालन की चर्चा जोरों पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सामान्य दिखने वाले इन होटलों के पीछे डीजल चोरी, स्पंज आयरन की अनलोडिंग और सरिया कटिंग का काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार पदमा थाना क्षेत्र के कई लाइन होटल पर इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों के आरोप लग रहे हैं। वहीं, बरही थाना क्षेत्र के बरही बाईपास स्थित सुधीर लाइन होटल में सरिया कटिंग और भारी वाहनों को काटने जैसे कथित कारोबार की चर्चा है।
आरोप है कि सरिया लदे ट्रेलरों को तय ठिकानों पर रोककर उनसे कई क्विंटल सरिया उतारा जाता है। इसके बाद माल को छिपाने के लिए पास के जंगली इलाकों में चेन-पुलियों की मदद से खींचकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाता है।
स्पंज आयरन लदे ट्रकों में ओवरलोडिंग कर रास्ते में ही अतिरिक्त माल उतारकर बेचे जाने का दावा किया जा रहा है।
चालकों की कथित मिलीभगत से होटलों के बाहर खड़े भारी वाहनों के टैंकों से रात के अंधेरे में सैकड़ों लीटर डीजल निकाला जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर खुलेआम हो रहे इस कथित अवैध कारोबार के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
