​ईचागढ़। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड स्थित बाकड़कुड़ी में विजयादशमी व दुर्गा पूजा के अवसर पर 'श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी' द्वारा भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस उत्सव में झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

​मुख्य अतिथि सुदेश कुमार महतो ने विधि-विधान के साथ रावण के विशाल पुतले का दहन किया और क्षेत्रवासियों को असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।

​जनसभा को संबोधित करते हुए श्री महतो ने कहा कि दशहरा का यह पावन पर्व हमें हमेशा यह सीख देता है कि अन्याय और अहंकार चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है। अंततः जीत सत्य, न्याय और धर्म की ही होती है।

​इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और पूजा समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रावण दहन के दौरान पूरा बाकड़कुड़ी क्षेत्र जयकारों और आतिशबाजी से गूंज उठा। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और उत्सव की उमंग देखने को मिली।