कसमार। कसमार थाना क्षेत्र के शिवराम बांध के समीप मुख्य सड़क पर बुधवार की देर रात एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार पांच युवकों में से चार को हल्की चोटें आईं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक कसमार बाजार टांड़ में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखकर बोलेरो से अपने घर झरमूंगा लौट रहे थे। इसी दौरान शिवराम बांध के समीप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में बोलेरो चालक झरमूंगा के खपराकनारी निवासी सुरेंद्र कुमार महतो, आशीष कुमार महतो, अरुण कुमार महतो और सुनील कुमार महतो को हल्की चोटें आईं। वहीं, मंजूरा पंचायत के सोखाडीह निवासी राजेश महतो के 19 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार महतो के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल सौरभ कुमार महतो को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कसमार पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बोकारो रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो चालक कथित तौर पर शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
रात के समय वाहन चलाते हुए लापरवाही और संभावित नशे की स्थिति एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
