टाटानगर। रेलवे ट्रैक पर हाथियों की आवाजाही के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा दक्षिण पूर्व रेलवे के इलेक्ट्रिक लोको पायलट ट्रेनिंग सेंटर के सभागार में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चक्रधरपुर, खड़गपुर, रांची और आद्रा मंडल के कुल 286 वरिष्ठ एवं सहायक लोको पायलटों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने रेलवे ट्रैक पर हाथियों की आवाजाही के कारणों, हाथियों से सुरक्षा के गोल्डन रूल तथा ट्रैक पर हाथी दिखाई देने की स्थिति में लोको पायलटों द्वारा अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के चारों मंडलों में हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्र हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा और रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए रेल प्रशासन द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाते हैं तथा निर्धारित क्षेत्रों में गति सीमा संबंधी निर्देश लागू किए गए हैं।
संतोष कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर हाथियों के आने के कई प्रमुख कारण हैं। कई रेलखंड हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्गों से होकर गुजरते हैं। भोजन और पानी की तलाश में हाथी अपने पुराने रास्तों पर चलते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाते हैं। इसके अलावा रात में कम दृश्यता तथा जंगल के ऊबड़-खाबड़ रास्तों की तुलना में रेलवे ट्रैक का अपेक्षाकृत समतल होना भी हाथियों को आकर्षित करती है ।
उन्होंने लोको पायलटों को समझाया कि ट्रैक पर हाथी दिखाई देने पर निर्धारित परिचालन नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करना, स्थिति के अनुसार गति नियंत्रित करना तथा संबंधित रेल अधिकारियों को तत्काल सूचना देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ यात्रियों और रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी रेल परिचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
डेमोस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर और कार्डियक अरेस्ट के बीच अंतर समझाते हुए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने की विधि का प्रदर्शन किया। साथ ही, विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित एवं सही उपयोग की जानकारी दी गई।
वहीं, डेमोस्ट्रेटर अनामिका मंडल ने घायल एवं चोटिल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने तथा बैंडेज करने की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों की स्थिति के अनुसार प्राथमिक उपचार करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर, खड़गपुर, रांची और आद्रा मंडल के रिफ्रेशर एवं प्रमोशनल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वंदे भारत, दुरंतो, राजधानी, सुपरफास्ट, पैसेंजर और मालगाड़ियों का परिचालन करने वाले कुल 286 वरिष्ठ एवं सहायक लोको पायलट शामिल हुए।
