जमशेदपुर। आदिवासी बच्चों की शिक्षा के सहयोगार्थ फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस), जमशेदपुर चेप्टर की ओर से हास्य नाटक डैड्स गर्लफ्रेंड्स का मंचन 24 अक्टूबर शनिवार आयोजित होगी। यह कार्यक्रम शनिवार की शाम 05 बजे से कुसुम कमानी ऑडिटोरियम, नरभेराम स्कूल, बिष्टुपुर में आयोजित होगा। इसमें प्रसिद्ध कलाकार शैलेश लोढ़ा एवं उनके समूह द्वारा लगभग दो घंटे तक मेगा थिएटर नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इस संबंध में गुरूवार को एफटीएस के अधिकारियों ने शास्त्रीनगर स्थित एक होटल में मीडिया से बातचीत करते हुए आगे बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पास के माध्यम से होगा। संस्था ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए सभी पास जारी किए जा चुके हैं, जो शहरवासियों के उत्साह एवं इस सामाजिक पहल के प्रति उनके सहयोग को दर्शाता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एफटीएस के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देना तथा एकल विद्यालयों के संचालन में सहयोग जुटाना है। उन्होंने कहा कि डैड्स गर्लफ्रेंड्स नाटक के आयोजन के माध्यम से मनोरंजन को समाजसेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग आदिवासी बच्चों की शिक्षा के इस अभियान से जुड़ सकें।

मालूम हो कि फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी एक सामाजिक संस्था है, जो ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के वंचित बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए कार्यरत है। संस्था के एकल विद्यालय कार्यक्रम के अंतर्गत दूरदराज के गांवों में एक शिक्षक के माध्यम से बच्चों को बुनियादी शिक्षा प्रदान की जाती है, जहां शैक्षणिक सुविधाओं की उपलब्धता सीमित है। संस्था से प्राप्त ऑकड़ों के अनुसार, देशभर में लगभग 87,000 एकल विद्यालया संचालित हो रहे हैं। वहीं, जमशेदपुर चेप्टर के अंतर्गत लगभग 170 एकल विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को बुनियादी शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता की शिक्षा भी प्रदान की जाती है।