रांची। रजधानी रांची में 20 अक्तूबर को दशहरा के पावन अवसर पर रावण दहन का भव्य आयोजन अत्यंत धूमधाम व उल्लास के साथ किया गया। 21 अक्टूबर को विजयदशमी के दिन मां दुर्गा को विदाई दी गई। शहर के पूजा पंडालों में स्थापति मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अलग-अलग तालाबों और जलाशयों में विसर्जित किया गया। नम आंखों से विदाई दी गई और अगले साल फिर से आने का न्योता दिया गया।

शहर के मोरहाबादी मैदान, अरगोड़ा, धुर्वा, तुपुदाना, टाटीसिलवे, कटहल मोड़ और एयरपोर्ट के पास हुंडरू छठ तालाब परिसर समेत कई स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित हुए। इन कार्यक्रमों को देखने और असत्य पर सत्य की विजय के इस पर्व को मनाने के लिए बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में भारी उत्साह देखा गया। लोगों ने सपरिवार पहुंचकर रावण दहन के दृश्य का आनंद लिया और एक-दूसरे को दशहरा की शुभकामनाएं दीं।
मोरहाबादी मैदान में पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रिमोट का बटन दबाकर 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। मैदान में रावण के साथ-साथ 65 फीट ऊंचा कुंभकर्ण और 60 फीट ऊंचा मेघनाद का पुतला भी स्थापित किया गया था। इसके अलावा दो मंजिला सोने की लंका भी बनाई गई थी। पुतलों में अग्नि प्रज्वलित होते ही पूरा मैदान 'जय श्रीराम' के जयकारों से गूंज उठा।इस अवसर पर रामलीला, श्रीराम की आकर्षक झांकी, भांगड़ा तथा छऊ नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। लेजर शो और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे माहौल को और भी आकर्षक बना दिया।
अरगोड़ा मैदान में भी परंपरा के अनुसार रावण दहन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यहां भी राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रिमोट से बटन दबाकर 55 फीट ऊंचे रावण के साथ उसके भाई कुंभकर्ण और पुत्र मेघनाद के पुतलों का दहन किया। देखते ही देखते पूरी सोने की लंका धू-धू कर जल उठी। इस मनमोहक दृश्य का गवाह बनने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
इसके अलावा धुर्वा स्थित शालीमार मैदान, तुपुदाना, टाटीसिलवे, कटहल मोड़ और एयरपोर्ट रोड स्थित हुंडरू छठ तालाब परिसर में भी रावण दहन का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। सभी आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व व्यवस्था के बीच लोगों ने परिवार के साथ त्यौहार का भरपूर आनंद उठाया।
हुंदुर चारी होजिर में रावण दहन: सुदेश महतो ने दिया सत्य और धर्म की विजय का संदेश

रांची।आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो कांके प्रखंड के हुंदुर चारी होजिर ग्राम में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रावण के पुतले का दहन कर असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अहंकार चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और न्याय की ही होती है। दशहरा पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर समाज में सद्भाव, नैतिकता और सकारात्मकता को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है।
