चतरा। सांसद कालीचरण सिंह शनिवार को टंडवा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध चुंदरू धाम पहुंचे। यहां भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सांसद चुंदरू धाम स्थित सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित नवदिवसीय गणेश पूजा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीगणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद सांसद ने निर्माणाधीन सूर्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में जुटे लोगों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने चुंदरू धाम के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर यहां की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को देखा।
सांसद ने कहा कि चुंदरू धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। मंदिर और आसपास के क्षेत्र का विकास होने से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकती हैं। उन्होंने धाम के विकास से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली। मौके पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता, मंदिर समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
