पलामू: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र स्थित डगरा पुलिस पिकेट से एक दुखद घटना सामने आई है। पिकेट में तैनात स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस (सैप) के एक सूबेदार ने शनिवार सुबह अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान सैप सूबेदार बुचुन पाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुचुन पाल शनिवार की सुबह डगरा पिकेट में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज से पिकेट में अफरा-तफरी मच गई। जब पास में मौजूद अन्य जवान भागकर मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने सूबेदार को लहूलुहान अवस्था में पड़ा पाया। जवानों ने तुरंत उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल खुदकुशी के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।