जमशेदपुर। शहर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित एससीसी फ्लैट में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी शंकर दास (69) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शंकर दास के बेटे बुधवार सुबह टाटा स्टील में नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौटे थे। बेटे से बातचीत करने के बाद शंकर दास अपने कमरे में चले गए। सुबह करीब 8 बजे जब बहू उनके लिए चाय लेकर कमरे में पहुंची, तो उन्हें फंदे से लटकता देख उसके होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि वे लंबे समय से अपनी बीमारी से परेशान थे और इसी वजह से यह आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि इस घटना के लिए वे खुद जिम्मेदार हैं और इसमें किसी अन्य का कोई दोष नहीं है।
मामले की पुष्टि करते हुए कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
