बोकारो। बोकारो में लगातार दूसरे दिन दिनदहाड़े छिनतई की घटना सामने आई है। बुधवार को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में बोकारो जनरल अस्पताल के समीप पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, चेन करीब 15 से 20 ग्राम सोने की थी। बाइक सवार युवक रॉन्ग साइड से महिला के पास पहुंचे और चेन झपटकर सेक्टर-4 थाना के सामने से अंबेडकर चौक की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पीड़िता चास के खेदाडीह निवासी स्वर्गीय राजा रामचंद्र चौधरी की पत्नी हैं। उनके पुत्र नारायण चौधरी ने सेक्टर-4 थाना में घटना को लेकर लिखित आवेदन दिया है। गौरतलब है कि मंगलवार को भी तलगरिया मोड़ के समीप सब्जी खरीदकर लौट रही एक महिला के साथ छिनतई की घटना हुई थी। उस मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार दूसरे दिन हुई घटना से पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
आज खास
विशेष
