​राँची/कोलकाता। सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की ओर से लगातार चलाए जा रहे कड़े नक्सल विरोधी अभियानों के बीच प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) को बड़ा झटका लगा है। माओवादियों के सेंट्रल कमेटी मेंबर असीम मंडल उर्फ आकाश ने पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। असीम मंडल संगठन का अत्यंत प्रभावशाली और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नेता माना जाता था।

असीम मंडल की गतिविधियों को देखते हुए विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा उस पर कुल 2.20 करोड़ रुपये का भारी इनाम घोषित किया गया था।​झारखंड सरकार ने 1.00 करोड़ रुपये का इनाम और ​ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

असीम मंडल मुख्य रूप से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के त्रि-स्तरीय सीमावर्ती क्षेत्रों (दलमा व कटीले जंगल क्षेत्रों) में माओवादी गतिविधियों की कमान संभाल रहा था। उसके दस्ते के प्रमुख कैडर हाल के दिनों में लगातार सुरक्षा बलों के सामने हथियार डाल चुके थे। शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी और दस्ते के बिखरने के कारण उस पर आत्मसमर्पण का दबाव लगातार बढ़ रहा था।

माओवादी नेता से बंगाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और खुफिया एजेंसियां गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही हैं। आत्मसमर्पण के बाद उसे राज्य सरकार की आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति के तहत नियमानुसार लाभ दिए जाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि असीम मंडल के मुख्यधारा में लौटने से ट्राई-जंक्शन क्षेत्र में भाकपा माओवादी का ढांचा लगभग पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।