रांची। राज्य के 5 मेडिकल कॉलेजों में सरकार 56 पदों पर प्राध्यापकों की नियुक्ति करेगी। इनकी नियुक्ति संविदा के आधार पर की जायेगी। जिन मेडिकल कॉलेजों में इनसे सेवाएं ली जानी हैं, वे हैं- एमजीएम, जमशेदपुर, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, धनबाद, फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, पलामू तथा शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग।इनमें अलग-अलग विभागों (एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, औषधि, शिशु रोग, अस्थि, सर्जरी, नेत्र, दंत व अन्य) के लिए साक्षात्कार के आधार पर नियुक्ति होगी। कुल 56 पदों में से 38 पद अनारक्षित हैं जबकि एसटी के लिए 12 और एससी के लिए 6 पद तय किए गए हैं। सभी पदों के लिए 3 अगस्त को रिम्स, रांची के प्रशासनिक भवन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।चयनित प्राध्यापकों को प्रतिमाह दो लाख पचास हजार रुपए मिलेंगे। 2 वर्ष की संविदा अवधि की समाप्ति के बाद चयनित प्राध्यापकों को 1 और वर्ष के लिए सेवा विस्तार सम्भव होगा। विस्तृत जानकारी के लिए झारखंड सरकार के वेबसाइट की मदद ली जा सकती है।