​हजारीबाग। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। मतवारी स्थित बृजनंदन अपार्टमेंट (कोर्रा थाना क्षेत्र) से अचानक लापता हुआ सात वर्षीय बच्चा महज एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार दीपक पठानिया के सात वर्षीय पुत्र रिवांश सिंह पठानिया अचानक अपने घर (बृजनंदन अपार्टमेंट, मतवारी) से निकलकर कहीं चले गए थे। बच्चे के अचानक लापता होने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों द्वारा तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस ने बिना किसी देरी के तत्परता दिखाई और बच्चे की तलाश में जुट गई। पुलिस की सक्रियता और त्वरित छापामारी/तलाश अभियान का नतीजा यह रहा कि महज एक घंटे के भीतर ही बच्चे को सकुशल ढूंढ निकाला गया।