रांची/पटना। पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फ्रेंड्स कॉलोनी (रोड नंबर-4) स्थित जमुना पैलेस के नीचे शनिवार सुबह एक कार की ड्राइविंग सीट पर सीसीएल के रिटायर्ड जनरल मैनेजर (जीएम)आलोक कुमार का शव बरामद हुआ। उनकी कनपटी के पीछे गोली लगी थी। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और खाली कारतूस जब्त कर शव को कब्जे में ले लिया है।
मृतक मूल रूप से रांची के गोंदा थाना क्षेत्र (इंदिरा नगर, कांके रोड) के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार वह करीब तीन दिन पहले फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित अपनी बहन के घर मिलने पटना आए थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। घटना के बाद मौके पर पहुंची राजीव नगर थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की। पुलिस के अनुसार, कार का ड्राइविंग साइड का दरवाजा और शीशा दोनों खुला हुआ था।
शुरुआती जांच और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस इसे खुदकुशी का मामला मानकर देख रही है। हालांकि, परिजनों और रिश्तेदारों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार आलोक कुमार का बेटा विदेश में रहता है। हाल ही में रांची स्थित उनके आवास में चोरी की घटना भी हुई थी। इसके अलावा, वह जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। पुलिस इन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
