सरायकेला। सरायकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया में चोरी की एक नाकाम कोशिश का मामला सामने आया है। चोरों ने डीसी कार्यालय के पीछे स्थित बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस गश्त के कारण वे अपने इरादों में कामयाब नहीं हो सके और उन्हें मौके से भागना पड़ा। राहत की बात यह रही कि चोर बैंक के अंदर दाखिल नहीं हो पाए।

​शनिवार सुबह बैंक का ग्रिल और मुख्य गेट का ताला टूटा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब एक बजे तक सरायकेला थाना पुलिस की गश्ती गाड़ी क्षेत्र में मुस्तैद थी। गश्ती के दौरान पुलिस वाहन का सायरन चार-पांच बार बजा, जिससे घबराकर ताला तोड़ने के बावजूद चोर बैंक के भीतर घुसने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

​हालांकि, इस घटना ने बैंक की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने बैंक प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतने संवेदनशील स्थान पर न तो पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात हैं और न ही मजबूत तालों का इस्तेमाल किया गया है। लोगों का कहना है कि पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी घटना तो टल गई, लेकिन बैंक को अपनी सुरक्षा व्यवस्था जल्द से जल्द दुरुस्त करनी चाहिए।