रांची। राजधानी रांची स्थित भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (आईसीएआर-आईआईएबी) के हॉस्टल में एक पीएचडी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक छात्र की पहचान महाराष्ट्र निवासी प्रथमेश रायपुरे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रथमेश रायपुरे ने अपने पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। बातचीत के दौरान अचानक फोन कट गया। इसके बाद पिता ने हॉस्टल के वार्डन को फोन कर बेटे की स्थिति जानने को कहा। वार्डन जब छात्र के कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था, काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। जहां वह बेसुध पाए गए।
आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्र की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई या वजह कुछ और थी, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हॉस्टल के कमरे को सील कर आसपास के लोगों और छात्रों से भी पूछताछ कर रही है।
उच्च शिक्षा के लिए रांची आए होनहार छात्र की अचानक हुई इस असामयिक मौत से आईसीएआर-आईआईएबी संस्थान और छात्रों के बीच शोक का माहौल है।
