रांची। परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के सुपुत्र और गुमला निवासी विन्सेंट एक्का को कृषि कार्य के लिए उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर को वापस लिए जाने के मामले में कृषि विभाग ने सख्ती दिखायी है। यह ट्रैक्टर सीएम के निर्देश पर उपलब्ध कराया गया था। इस मामले में संज्ञान लेते हुए कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने तत्काल विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली। मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए शनिवार को विन्सेंट एक्का को ट्रैक्टर की चाबी ससम्मान सौंप दी। मौके पर उन्होंने कहा कि शहीद अलबर्ट एक्का के परिवार के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़े किसी भी मामले में विभाग पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि विभाग को समुचित रूप से अवगत कराए बिना एजेंसी द्वारा ट्रैक्टर वापस ले जाना उचित प्रक्रिया नहीं थी। इस संबंध में संबंधित एजेंसी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि श्री एक्का को मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि कार्य के लिए सरकार की ओर से ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया था। पूरे मामले में विभागीय नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीएम के निर्देशों के अनुरूप मामले का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शहीद परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान विन्सेंट एक्का ने अधिकारियों के व्यवहार को लेकर अपनी आपत्ति भी मंत्री के समक्ष रखी और पूरे मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये।