मेदिनीनगर। पलामू जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय कुशवाहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएफओ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने आरोप लगाया कि वन विभाग की नाकामी और उदासीनता का खामियाजा पलामू के किसान भुगत रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने ध्यान दिलाया कि ग्रामीण इलाकों में नीलगाय, बंदर, लंगूर और हाथियों द्वारा फसलों को भारी नुकसान पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित किसानों को नियमनुसार उचित मुआवजा तुरंत दिया जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
इसके अलावा जिले में बंद पड़ी वन विभाग की पौधशालाओं को पुनः शुरू करने की मांग की गई। विजय कुशवाहा ने कहा कि पौधशालाएं बंद होने से किसानों को महंगे दामों पर पौधे खरीदने पड़ रहे हैं, जिसका फायदा बिचौलिए उठा रहे हैं। डीएफओ ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय ठाकुर, अभिमन्यु तिवारी, शुभम प्रसाद और चंद्रकांत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
