​रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश जारी कर दिए हैं। संशोधित शेड्यूल के अनुसार अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा।

​इससे पहले अंतिम प्रकाशन के लिए 7 अक्टूबर और फिर 19 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की गई थी, जिसे अब पुनर्निर्धारित किया गया है। नए शेड्यूल की प्रति राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ भी साझा की गई है।

अब ​22 अक्टूबर तक नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों की पहली व दूसरी नोटिस का निपटारा किया जाएगा। जिन मतदाताओं ने दूसरी नोटिस के बाद भी आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, उनका बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन होगा।

​31 अक्टूबर तक बिना नोटिस वाले सभी मामलों (अन्य श्रेणियों) का निपटारा होगा। साथ ही फॉर्म 6, 6A, 7 और 8 के तहत प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का डिजिटलीकरण पूरा किया जाएगा।

​1 नवंबर तक गैर-पंजीकृत पात्र नागरिकों का सत्यापन कर फॉर्म 6 का डिजिटलीकरण होगा। इसी तिथि तक इआरओ-नेट (ERO-Net) पर नोशनल हाउस नंबर, नज़री नक्शा, की-मैप, गूगल मैप और मतदान केंद्रों की तस्वीरें अपडेट की जाएंगी।

​23 नवंबर तक सभी दावों और आपत्तियों का अंतिम निपटारा कर लिया जाएगा।​24 नवंबर तक मतदाता सूची के स्वास्थ्य मानकों की जांच, निर्वाचन आयोग से अंतिम मंजूरी और सूची की छपाई का कार्य पूरा किया जाएगा और

​30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का औपचारिक प्रकाशन होगा।