चतरा। जिले के सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी की टीम ने गुरुवार दोपहर बड़ी सफलता हासिल की। एसीबी ने सदर अनुमंडल कार्यालय में तैनात लिपिक बासुदेव राम को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई दोपहर लगभग 2:50 बजे सदर अनुमंडल कार्यालय में हुई।

जानकारी के अनुसार हंटरगंज प्रखंड के बेला गांव निवासी विलास यादव का एक वाद सदर अनुमंडल न्यायालय में चल रहा था। इसी काम के एवज में क्लर्क बासुदेव राम 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को तय योजना के तहत जैसे ही बासुदेव राम ने विलास यादव से रिश्वत के 10 हजार रुपये हाथ में लिए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।